Breaking News

Banner

संयुक्त संचालक कार्यालय में बाबूगिरी करते अधिकारी, और स्कूलों से उठा रहे भारी वेतन, बेरोजगार बाबू मख्खी मारने को मजबूर ।

# प्रदीप पटेल | 08 Feb, 2022

बिलासपुर। जिला शिक्षा विभाग ही नहीं, बल्कि संयुक्त संचालक शिक्षा कार्यालक का खेल निराला है। शासन का सख्त निर्देश और आदेश है कि अटैचमेन्ट नहीं होगा। शिक्षकों का काम केवल पठन पाठन कराना है। बाबूगिरी का काम उनसे हरगिज नहीं लिया जाएगा। लेकिन ऐसा कुछ शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक कार्यालय में होता नजर नहीं आ रहा है। सेटअप से अधिक भारी भरकम  वेतन पाने वाले प्राचार्य, व्याख्याता, शिक्षा अधिकारी बाबूगिरी कर रहे है। और जमकर मलाई काट रहे है। हाल यह है कि अधिकारीनुमा बाबूओं के कारण क्लर्क दिन भर मख्खी मारने को मजबूर हैं । 

आडियो ने मचाया हड़कम्प

नन्दकिशोर साहू के वायरल आडियो के बाद दो शिक्षकों की गिरफ्तारी अब तक हो चुकी है। बताया जा रहा है कि पुलिस के हाथों शिक्षक भर्ती में शामिल धांधलीबाजों का सूत्र पुरी तरह से लग चुका है। इस खबर के बाद शिक्षा विभाग ही नहीं बल्कि संयुक्त कार्यालय में भी हडकम्प है। खासकर स्थापना विभाग देखने वाले प्राचार्य बाबू की धड़कने कुछ ज्यादा ही तेज हो गयी है। वहीं बाबूओं में जमकर कानाफूसी भी है । 

शासन के निर्देशों की धज्जियां

जानकारी देते चलें कि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी कर्मचारी से किसी भी विभाग में अटैचमेन्ट नहीं किया जाएगा। खासकर शिक्षकों को किसी भी सूरत में कार्यालयीन काम यानि बाबूगिरी का काम नहीं लिया जाएगा। शिक्षकों का काम केवल पठन पाठन कराना और स्कूल का शासन के दिशा निर्देशों के अनुसार संचालन करना है। बावजूद इसके संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग में आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी पठन पाठन छोड़कर बाबूगिरी को अंजाम दे रहे है। यह जानते हुए भी कि काम उनका नहीं है। लेकिन मलाई काट रहे हैं । 

 संयुक्त संचालक से गलत जानकारी

मामले में संयुक्त संचालक आरएस चौहान ने बताया कि विभाग में बाबुओं के अलावा किसी भी अधिकारी से बाबुओं का काम नहीं लिया जा रहा है। और कार्यालय में कोई शिक्षक या अधिकारी अटैच नहीं है। यह जानते हुए भी कि आधा दर्जन से अधिक शिक्षा अधिकारी बाबू और बड़े बाबू का काम कर रहे हैं। सभी अधिकारी जुगाड़ के साथ अंगद की पांव की तरह जमे हुए हैं । 

जमकर कर रहे धांधली का धंधा

सूत्रों की माने तो हर साल शिक्षकों की भर्ती और ट्रांसफर का काम होता है। सारा काम अधिकारीनुमा बाबूओं के माध्यम से अंजाम दिया जाता है। हाल फिलहाल नन्दकुमार साहू के वायरल आडियो से संयुक्त कार्यालय में दहशत का माहौल है । 

उठा रहे भारी भरकम वेतन

जानकारी के अनुसार स्थापना से लेकर ट्रांसफर और पोस्टिंग समेत सभी जगह शासन के दिशा निर्देशों की अनदेखी कर अटैच डीईओ, व्याख्यता और प्राचार्य मलाई काट रहे हैं। मजेदार बात है कि सभी अधिकारी कार्यालय में बैठकर स्कूलों से भारी भरकम वेतन भी उठा रहे है ।