Breaking News

Banner

बेटे और पोते ने ही किया था बुजुर्ग की हत्या, जमीन विवाद के चलते सब्बल से मारकर भाग गए थे, मां को डरा धमकाकर कराया चुप अब फरार दोनो आरोपी गिरफ्तार ।

# प्रदीप पटेल | 19 Jan, 2022

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में हुई बुजुर्ग की हत्या का राज खुल गया है। उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके अपने बेटे और पोते ने ही की थी। दोनों ने जमीन विवाद के चलते धारदार हथियार ( सब्बल) से मारकर बुजुर्ग को मार दिया था, और भाग निकले थे। इतना ही नहीं उन्होंने बुजुर्ग महिला को भी काफी डराया धमकाया था। पुलिस ने अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चिल्फी चौकी क्षेत्र का है । 13 जनवरी को डिंडौरी गांव में भगत यादव (70) की हत्या हुई थी। वह रात के वक्त घर पर ही सो रहा था। उस दौरान उसकी पत्नी मथुरा यादव (66) भी दूसरे बिस्तर में सो रही थी। इस दौरान भगत यादव की किसी ने हत्या कर दी थी। इस बात की जानकारी पुलिस को 14 जनवरी को लगी थी। इसके बाद से ही पुलिस इस मामले में जांच कर रही थी । 

पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की और परिवार के लोगों से पूछताछ की। वहीं पुलिस ने भगत यादव की पत्नी मथुरा से भी पूछताछ की। पुलिस ने पड़ोस के लोगों से भी बयान लिया था। पुलिस ने बताया कि जब उन्होंने मथुरा से बयान लिया तो उसका बयान ही बाकी के लोगों से अलग था। इस बीच पुलिस को जांच में भरत के पोते दिनेश यादव के बारे में जानकारी मिली । पुलिस को पता चला कि उसका भगत यादव के साथ कुछ समय पहले जमीन विवाद को लेकर बात विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने दिनेश को हिरासत में लिया। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया । दिनेश ने बताया कि उसका कुछ समय पहले अपने दादा से विवाद हुआ था। इसी बात से वह नाराज था। जिसके कारण उसने अपने पिता कृष्ण लाल के साथ अपने दादा की हत्या का प्लान बनाया था। इसके बाद पुरी वारदात को अंजाम दिया था। दिनेश के बयान के बाद कृष्ण लाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया । 

दोनों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले ही उन्होंने मथुरा यादव को डरा धमका दिया था। मथुरा को उसके ही बेटे ने जान से मारने की धमकी दी थी। उससे कहा गया था कि यदि वो इस बारे में किसी और को कुछ भी बताती है तो उसे भी इस तरह से मार दिया जाएगा। इस वजह से भगत की पत्नी मथुरा भी चुप थी। मगर गहरी पूछताछ के बाद आखिरकार पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है ।