Breaking News

Banner

धान खरीदी महाअभियान का आगाज, किसानों में दिखा उत्साह, कलेक्टर ने किया धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी ।​​​​​​​

# प्रदीप पटेल | 02 Dec, 2021

बिलासपुर। जिले में आज से धान खरीदी पर्व का आगाज हो गया है। कल धान बेचने के लिए टोकन कटाने वाले किसान आज सुबह से ही समितियों में धान लेकर बेचने पहुंचे। पहले ही दिन लगभग 931 किसानों का टोकन कटा है। इन किसानों से लगभग 39264 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। धान खरीदी को लेकर किसानों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर ने बिल्हा विकासखंड के महमंद धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली । 

कलेक्टर ने धान बेचने आए किसान डेरहाराम यादव से केन्द्र में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। किसान ने बताया कि उन्हें पहले से टोकन दे दिया गया है। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि वे सभी व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं। यादव ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि वे आसानी से अपना धान बेच पा रहे हैं। यादव ने 44 क्विंटल धान का टोकन कटाया है। कलेक्टर ने सोसायटी में पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित करने कहा । कलेक्टर ने कांटा, बांट, बारदाने की उपलब्धता, डनेज, कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अपने समक्ष तौलाई आदि की व्यवस्था को देखा । डनेज के लिए चबूतरे में एक लेयर एवं जमीन पर दो लेयर करने के निर्देश दिए ।

धान की भी गुणवत्ता को उन्होंने देखा। उन्होंन नमी मापक यंत्र से धान की नमी को भी नपवाया। कलेक्टर ने कम्प्यूटर में धान खरीदी के लिए टोकन जारी करने से लेकर खरीदी तक की पूरी व्यवस्था को देखा । समिति प्रबंधक ने बताया कि यहां 1120 पंजीकृत किसान हैं। यहां दोमुहानी, मानिकपुर, सिरगिटटी, देवरीखुर्द, ढेका, महमंद के किसानों से धान खरीदी की जाएगी। धान खरीदी केन्द्र में किसानों के लिए सभी व्यवस्थाएं की गयी है । इस दौरान एसडीएम बिलासपुर पुलक भट्टाचार्य, खाद्य विभाग के अधिकारी राजेश शर्मा, तहसीलदार सहित अन्य लोग मौजूद थे ।