Breaking News

Banner

पंचतत्व में विलीन हुए युद्धवीर, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब, भतीजे शौर्य ने दी मुखाग्नि ।

# प्रदीप पटेल | 22 Sep, 2021

रायगढ़। भाजपा के युवा नेता और पूर्व विधायक स्व.युध्दवीर सिंह जूदेव का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया। राजकीय सम्मान के साथ बांकी नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके भतीजे शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने उन्हें मुखाग्नि दी। अपने युवा नेता को अंतिम बिदाई देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा था। उनकी अंतिम यात्रा में भाजपा नेताओं सहित उनके समर्थकों, रिश्तेदारों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी । पूर्व विधायक व बीजेपी नेता स्व.युध्दवीर सिंह जूदेव की अंतिम यात्रा आज जशपुर के विजय विहार पैलेस से निकाली गई। जहां उनके परिवार व भाई प्रबल प्रताप सिंह जूदेव समेत पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कांधा दिया। पत्नी संयोगिता सिंह जूदेव ने अपने पति को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि देकर अंतिम विदाई दी। नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक, भाजपा के प्रदेश मंत्री ओ पी चौधरी, भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने भी जूदेव को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित किया, और उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए ।

जशपुर के हर घर की महिलाओं ने अपने घरों से बाहर निकलकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। जशपुर समेत प्रदेश के दिग्गज नेताओं के साथ हजारों समर्थकों व जनसमूह ने जय जूदेव के नारों से अपने चहेते युद्धवीर को विदा किया। सड़क के दोनों ओर जशपुर की आवाम अपने नेता को अंतिम विदाई दे रही थी। शहर की सड़कें पूरी तरह भरी हुई थी कोई आंसू बहा रहा था, तो कोई पुष्प अर्पित कर रहा था । लोग जय जूदेव के नारे लगाते नहीं थक रहे थे। पूरा जशपुर शहर आज तीसरे दिन भी बंद था। बाजारों में बस स्टैंड से लेकर सहित सभी प्रमुख जगह सन्नाटा पसरा हुआ था, हर घर से परिवार का सदस्य इस अंतिम यात्रा में शामिल था। 6 किलो मीटर लंबी शव यात्रा में 2 सौ से अधिक कारों का काफिला, 3 सौ से अधिक मोटर बाइक में शामिल लोग धीरे धीरे अपने गंतब्य मार्ग तक पहुंच रहे थे। इसी बीच अचानक मौसम का मिजाज भी बारिश के रूप में आसमान भी रो पड़ा। उल्लेखनीय है कि जब स्व. दिलीप सिंह जूदेव का अंतिम यात्रा निकली थी उस समय भी इसी समय अचानक बारिश हुई थी। पूरा दृश्य देख कर ऐसा लग रहा था कि जशपुर पूरी तरह सुनसान हो गया है, औऱ जशपुर का कोई रखवाला नहीं बचा है, हर आंखे नम थी हर चेहरे पर एक पीड़ा दिख रही थी ।

वहीं उनके अंतिम यात्रा में सांसद रेणुका सिंह और भाजपा और कांग्रेस के कई नेता पहुंचे हैं, वहीं कांग्रेस के मंत्री अमरजीत भगत, विधायक विनय भगत, विधायक यूडी मिंज, पूर्वमंत्री ननकी राम कंवर, और राजपरिवार के सभी सदस्य मौजूद है। इसके अलावे प्रदेश के कोने कोने और जिले भर के लोग शवयात्रा में शामिल हुए। अंतिम यात्रा के दौरान युध्दवीर के पार्थिव शरीर के साथ पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल पूरे रास्ते मे साथ रहे। प्रदेश के दिग्गज मंत्री, बीजेपी के कार्यकर्ता व समर्थकों के साथ समूचा जशपुर इस अंतिम यात्रा में शामिल हुआ ।