Breaking News

Banner

निर्माणाधीन तिफरा फ्लाई ओवर ब्रिज पहुंची नगरीय प्रशासन सचिव, जताई नाराज़गी, एक सप्ताह के भीतर सुधार कार्य करने दिए निर्देश ।

# प्रदीप पटेल | 17 Sep, 2021

बिलासपुर। अपने एक दिवसीय दौरे पर शहर पहुंची नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव अलरमेल मंगई डी, सूडा के एडिशनल सीईओ सौमिल रंजन चौबे के साथ सबसे पहले निर्माणाधीन तिफरा फ्लाई ओवर ब्रिज पहुंची, जहां नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार से निर्माण कार्य के संदर्भ में जानकारी ली। मौके पर उपस्थित विभाग के मुख्य अभियंता वोमकेश चंद्रवंशी और ठेका कंपनी को शीघ्र से शीघ्र बचे हुए कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सचिव  अलरमेल मंगई डी ने निर्माणाधीन तिफरा फ्लाई ओवर ब्रिज के दोनों तरफ के एप्रोच रोड की हालत को देखकर नाराज़गी जताते हुए एक सप्ताह के भीतर तत्काल सुधार कर डामरीकरण के निर्देश नगरीय प्रशासन विभाग के मुख्य अभियंता को दिए। नगरीय प्रशासन के अधिकारियों द्वारा बताया गया की निर्माणाधीन पुल में रेल्वे के हिस्से का कार्य ही ज्यादा बचा है, जिस पर सचिव अलरमेल मंगई डी ने रेल्वे अधिकारियों से समन्वय बनाकर शेष कार्यों को दिन और रात दोनों समय मिशन मोड में करते हुए पूर्ण करने के निर्देश दिए ।

नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव अलरमेल मंगई डी ने निर्माणाधीन व्यापार विहार स्मार्ट सड़क का भी अवलोकन किया, इस दौरान बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देश दिया की सड़क में अमृत मिशन योजना के तहत जहां खुदाई हुआ है, उसे दो दिन में ठीक करें। बिजली पोल की शिफ्टिंग को लेकर सीएसईबी से समन्वय बनाकर जल्द शिफ्ट कराने को कहा, इसके अलावा स्मार्ट सड़क में जितने भी कार्य शेष है, उन्हें जल्द पूरा करते हुए निर्माण को पूर्ण करें । 

इसके बाद सचिव मंगई डी ने शहर के लगभग सभी प्रमुख सड़क जिनमें श्रीकांत वर्मा मार्ग, मगरपारा, तालापारा, नेहरू चौक से मंगला चौक, गौरवपथ, सीपत रोड, तिलक नगर समेत अन्य सड़को का जायजा लिया। इस दौरान अमृत मिशन के तहत पाइप बिछाने के बाद छोड़ी गई सड़को को देख निगम अधिकारियों पर नाराज़गी जताया, साथ ही शीघ्र से शीघ्र खराब सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निगम अधिकारियों को निर्देश दिया की शहर के सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें  ।

आज निरीक्षण के दौरान राज्य शहरी विकास प्राधिकरण के एडिशनल सीईओ सौमिल रंजन चौबे, निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी, नगरीय प्रशासन विभाग के मुख्य अभियंता वोमकेश चंद्रवंशी, विभाग के इंजीनियर यूजिन तिर्की, निगम के मुख्य अभियंता सुधीर गुप्ता, जीएम स्मार्ट सिटी पीएन साहू, उपायुक्त खजांची कुम्हार, ईई पीके पंचायती, ईई सुरेश बरूआ समेत निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारी उपस्थित रहें ।

अमृत मिशन में खुदाई के बाद रेस्टोरेशन भी जल्द करें-सचिव

निरीक्षण के दौरान सचिव मंगई डी ने शहर में चल रहें अमृत मिशन योजना के तहत कार्यों का भी जायजा लिया इस दौरान योजना के तहत अधूरे कार्यों की जानकारी निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी से ली ।