Breaking News

Banner

आदिवासी युवक को चोर के शक में पिकअप से बांध घसीटा, फिर बुरी तरह  पीट-पीट कर मार डाला ।

# प्रदीप पटेल | 30 Aug, 2021

नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच में मानवता को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है, चोरी के शक में एक युवक को ना सिर्फ पीटा गया बल्कि एक पिकअप से बांधकर घसीटा भी गया, इतनी यातना दी गई, कि युवक ने दम तोड़ दिया, पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक के साथ बर्बरता का एक वीडियो भी बनाया है, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो देखकर लोग आरोपियों के किए कि कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं ।  

पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों को चिन्हित किया है, जिसमें से 4 की गिरफ्तारी हो चुकी है, इन सभी लोगों पर हत्या और एट्रोसिटी एक्ट का मामला दर्ज किया गया है, घटना नीमच जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र में सामने आई है, एक भील आदिवासी को चोर होने के शक में कुछ लोगों ने बुरी तरह पीटा और फिर भी मन ना भरा तो एक पिकअप वाहन के पीछे रस्सी से पैर बांधकर दूर तक घसीटा, इसके बाद भी युवक को बेरहमी से पीटा गया, युवक को अधमरा कर आरोपियों ने पुलिस को सूचना दी कि उन्होंने चोर को पकड़ा है, मौके पर सिंगोली पुलिस पहुंची और घायल को नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां उसकी मौत हो गई  ।

आरोपियों ने अपनी बर्बरता का वीडियो भी खुद ही बनाया, और वायरल कर दिया. पुलिस ने इस पूरे मामले में बारीकी से जांच की तो पाया कि जिन लोगों ने वीडियो बनाया है, उन्हीं लोगों ने उक्त आदिवासी व्यक्ति के साथ बुरी तरह पीटा और वाहन के पीछे बांधकर घसीटा. नीमच एसपी सूरज वर्मा ने कार्रवाई करते हुए इस पूरे मामले में 8 लोगों के खिलाफ हत्या और एट्रोसिटी एक्ट का मामला दर्ज करने के आदेश दिए. मुख्य आरोपी महेंद्र को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी महेंद्र गुर्जर की पत्नी बाणदा से सरपंच है ।