Breaking News

Banner

काबुल एयरपोर्ट पर फायरिंग में पांच की मौत, दिल्ली से सभी उड़ानें रद्द, संकट में फंसे भारतीय ।

# प्रदीप पटेल | 16 Aug, 2021

नई दिल्ली। अफगानिस्तान के एयरपोर्ट पर आज सुबह से ही हालात बेकाबू है। तालिबान के राज से बचने के लिए लोग देश छोड़कर बिना सामान के ही भाग रहे है, फ्लाइट पकड़ना चाहते हैं। लेकिन यहां हुई गोलीबारी में सोमवार दोपहर तक पांच लोगों की मौत हो गई। काबुल एयरपोर्ट के ताजा हालात भी बदतर ही हैं, जहां हर कोई किसी भी तरह बाहर जाने की कोशिश में है। इस बीच हवाई अड्डे पर विमानों में सवार होने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा पड़ा है। स्थिति पर काबू पाने के लिए अमेरिकी सेना को फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें कम से कम पांच लोगों के मारे जाने की सूचना है ।

सूत्रों के अनुसार इस गोलीबारी में 5 लोगों की मौत हो गई है। सोशल मीडिया पर भी कई तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें घायल लोग दिख रहे हैं। हालांकि, इनकी पुष्टि नहीं की जा सकी है। काबुल और दिल्ली के बीच की सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। बता दें कि भारत की ओर से एयर इंडिया की कुछ फ्लाइट्स को रिजर्व किया गया था, ताकि भारतीय नागरिकों को बाहर निकाला जा सके ।

कौन संभालेगा अफगानिस्तान की कमान! मुल्ला बरादर के साथ ये भी हैं रेस में

कई वीडियोज में काबुल छोड़ने की कोशिश में लोग एक के ऊपर एक चढ़े दिखाई दिए। एयरपोर्ट पर मची अफरातफरी को देखते हुए यहां से कमर्शल फ्लाइट्स को बंद करने का ऐलान किया गया। तालिबान ने लोगों से अपने घरों में रहने को कहा है। अमेरिकी सेना हवा में गोलियां चला रही है, जिससे वे बेहद डरे हुए हैं । वहीं कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है, कि कुछ लोगों की जान भगदड़ मचने से चली गई ।

तालिबान का दावा, ‘हम शांति चाहते हैं’ 

वहीं, अलजजीरा को दिए इंटरव्यू में संगठन के प्रवक्ता मोहम्मद नईम ने आश्वासन दिया है कि महिलाओं और अल्पसंख्यकों के अधिकारों और अभिवक्ति की आजादी को शरिया कानून के तहत सम्मान दिया जा रहा है। नईम का कहना है कि संगठन शांतिपूर्ण संबंध चाहता है, और विदेशियों के साथ संपर्क के कई रास्ते विकसित करने में लगा है। उन्होंने सभी देशों से एक साथ बैठकर मुद्दे सुलझाने की अपील की है ।