Breaking News

Banner

लकवाग्रस्त बुजुर्ग महिला को खाट में लिटा कर एक कि.मी. पैदल चलें परिजन, तब अस्पताल पहुंची मरीज, सड़क इतनी खराब कि घर तक नहीं जा सकी एंबुलेंस ।

# प्रदीप पटेल | 01 Aug, 2021

बलरामपुर। एक तरफ जहां सरकार बुलेट ट्रेन चलाने की बात कह रही है तो वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का हाल बेहाल है, अगर कोई बीमार हो जाए तो खराब सड़कों की वजह से यहां न एंबुलेंस पहुंच पाती है न ही कोई अन्य वाहन, लिहाजा मरीजों को खाट में सुलाकर अस्पताल पहुंचाया जाता है ।

दरअसल, बलरामपुर जिले के विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम सरना के बंगाली पारा में एक बुजुर्ग महिला को लकवा बीमारी होने पर परिजनों ने तत्काल 108 की मदद मांगी, 108 एंबुलेंस गांव तक पहुंच तो गई, लेकिन बंगाली पारा में सड़क की खराब स्थिति को देख मरीज के घर तक नहीं पहुंच सकी, परिजनों ने किसी तरह खाट में लेटा कर लगभग 1 किलोमीटर की दूरी तय कर 108 एंबुलेंस वाहन तक पहुंचाया, तब जाकर बुजुर्ग महिला को एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल वाड्रफनगर लाया गया, चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है ।

कीचड़ भरी सड़क होने से राहगीरों परेशान

सरना ग्राम पंचायत के बंगाली पारा में सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि वाहन चलाना तो दूर लोग पैदल आना जाना बहुत मुश्किल से कर कर पा रहे हैं, आने जाने वाले ग्रामवासी इस सड़क पर पैदल भी नहीं चल सकते हैं, बारिश होने की वजह से सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है । 

तबीयत खराब हो गई तो इलाज के लिए ले जाने में होती है परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अगर किसी की तबीयत खराब होती है तो इलाज के लिए या तो रघुनाथ नगर या वाड्रफनगर ले जाया जाता है, लेकिन बरसात में सड़क की ऐसी दुर्दशा हो गई है, कि यहां तक कोई भी वाहन नहीं पहुंच पाता है, और खस्ताहाल सड़क के चलते ग्राम वासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।