Breaking News

Banner

ज्योतिरादित्य सिंधिया को मोदी कैबिनेट से आया फोन, आज शाम लौटेंगे दिल्ली ।

# प्रदीप पटेल | 06 Jul, 2021

भोपाल। बीजेपी में शामिल होने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी के प्रबल दावेदार हो गए है। केंद्रीय कैबिनेट विस्तार की अटकलों का रास्ता अब साफ हो गया है। सूत्रों के अनुसार सिंधिया को कैबिनेट में शामिल होने के लिए फोन आ गया है। वे अपने मध्यप्रदेश के दौरे को रद्द करके आज शाम तक दिल्ली लौटेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत ज्योतिरादित्य सिंधिया को 7 जुलाई को दिल्ली लौटना था। लेकिन कैबिनेट फोन आने के बाद उन्हें तत्काल आज ही शाम तक दिल्ली पहुंचना होगा।दिल्ली रवाना होने से पहले सिंधिया ने उज्जैन में महाकाल मंदिर में पूजा अर्चना की। समर्थकों के साथ उन्होंने भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद लिया। इसके बाद इंदौर लौट रहे हैं। सिंधिया को देवास भी जाना था, लेकिन फोन आने के बाद उन्होंने कार्यक्रम रद्द कर दिया है। इसके बाद दिल्ली लौटेंगे। सिंधिया के समर्थकों में एमपी में अब उत्साह है। बीजेपी में शामिल होने के बाद से ही मोदी कैबिनेट में ज्योतिरादित्य सिंधिया के शामिल होने की चर्चा है। इन चर्चाओं के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया एमपी दौरे पर हैं। रतलाम में ज्योतिरादित्य सिंधिया से इसे लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मैं दौरे पर हूं और जनता के बीच उनका सुख-दुख बांट रहा हूं ।

मैं बीजेपी का एक आम कार्यकर्ता हूं, और उसी शैली में काम कर रहा हूं। उसके बाद वह आगे बढ़ गए। दरअसल, मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी। उसके बाद पार्टी ने इन्हें राज्यसभा का टिकट दे दिया था। राज्यसभा सांसद बनने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे, कि सिंधिया को मोदी कैबिनेट में जगह मिलेगी। हालांकि कोरोना की वजह से कैबिनेट का विस्तार अभी तक नहीं हो पाया था । गौरतलब है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया इन अटकलों के बीच एमपी में लगातार सक्रिय है। बीते एक महीने के अंदर वह तीसरी बार एमपी आए हैं। बीजेपी में शामिल होने के बाद पहली बार ज्योतिरादित्य सिंधिया आगर-मालवा के क्षेत्रों में बीजेपी के समर्थकों से मिल रहे हैं। नीमच और मंदसौर में भी उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की है। इन दोनों जगहों पर उन्हें विरोध का भी सामना करना पड़ा है ।