Breaking News

Banner

लूट की झूठी कहानी बताने वाले कारोबारी को पुलिस ने किया  गिरफ्तार ।

# प्रदीप पटेल | 24 May, 2021

रायपुर। पुलिस ने लूट की झूठी कहानी बताने वाले एक कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कारोबारी ने शनिवार को पुलिस को बताया था, कि तेलीबांधा इलाके में कुछ बाइक सवारों ने चाकू दिखाकर साढ़े 7 लाख रुपए लूट लिए। पुलिस रात भर उन लुटेरों का पता लगाती रही जो थे ही नहीं। सुबह होते-होते पुलिस को शिकायत करने वाले कारोबारी पर शक हुआ, जब टीम ने कई तरह के सवाल किए। तो आरोपी पुलिस को गुमराह न कर सका और फर्जी जानकारी देने की बात कबूली। अब इस पूरी मनगढंत लूट की कहानी गढ़ने वाले रवि विरानी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस को सुनाई फर्जी कहानी

रवि ने पुलिस को बताया था, कि वह कटोरा तालाब रायपुर में रहता है उसका ट्रेवल्स का व्यवसाय है। शनिवार की शाम करीब 7.10 बजे घर में रखा कैश 7 लाख 50 हजार रूपये बैग में रखकर अपनी मोपेड स्कूटी से शुभम काम्पलेक्स स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम में रकम जमा करने जा रहा था। शाम करीबन 7.15 बजे बंटी ढाबा के पास पहुंचा था कि एक बाईक में सवार दो नकाबपोश पीछा करते हुए रवि की स्कूटी के सामने अपने बाइक लगाकर रुक गए, और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गए।

ऐसे पकड़ में आया झूठ

इसके बाद पुलिस रवि के बताए आरोपियों के हुलियों के बारे में आस-पास के लोगों से पूछताछ की। बंटी ढाबा के पास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई मगर कोई भी रवि का पीछा करता नहीं दिखा। पूछताछ में रवि भी बयान बदल रहा था, कभी कह रहा था गुंडे पीछे से आए ताे कभी आगे से। पुलिस समझ चुकी थी, कड़ाई से पूछताछ में रवि ने सारी असली कहानी पुलिस को बता दी।

पिता का पैसा खुद हड़पना चाहता था आरोपी

रवि को उसके पिता ने कुछ दिन पहले 10 लाख रुपए दिए थे। ये रुपए बैंक में जमा करने को कहा था। तब रवि ने ढाई लाख जमा किए और बाकि की रकम अपने एक मौसेरे भाई को दे दी। ये पैसे रवि अपने इस्तेमाल के लिए रखना चाहता था। आरोपी के पिता उसे बार – बार रकम बैंक में जमा करने को कह रहे थे। दबाव में आकर उसने लूट की कहानी गढ़ने का प्लान बनाया मगर ये प्लान कुछ घंंटे भी टिक न सका। 35 साल के रवि पर अब पुलिस को गुमराह करने और झूठी रिपोर्ट दर्ज करने का केस किया गया है।