Breaking News

Banner

पेड़ के नीचे हो गया आइसोलेट, 2 कमरे में रहता है 5 सदस्यों का परिवार, युवक संक्रमित हुआ तो 4 रातें गुजार दीं पेड़ के नीचे, फिर कोविड सेंटर किया शिफ्ट ।

# प्रदीप पटेल | 03 May, 2021

गरियाबंद। जिला मुख्यालय से महज 30 किमी दूर एक संक्रमित युवक की पेड़ के नीचे ही आइसोलेट होने की तस्वीरें सामने आई हैं। इसे लापरवाही कहिए, बेबसी या फिर परिवार की फिक्र, लेकिन 2 कमरों में रहने वाले 5 सदस्यों के परिवार के इस युवक ने अपनी 4 रातें पेड़ के नीचे ही गुजार दीं। इसके बाद जब प्रशासन को पता चला तो उसे कोविड सेंटर शिफ्ट किया।

दरअसल, खोखसरा ब्लॉक में डालगुमा पंचायत का छिल्पामाल गांव है। यहां रहने वाला खिरोद नायक (30) 28 अप्रैल को अपनी बीमार को लेकर इलाज के लिए भवानीपटना जिला अस्पताल गया था। उसकी मां के चेकअप के दौरान डॉक्टर को खिरोद में कोरोना के लक्षण दिखाई दिए। इस पर डॉक्टर ने उसे टेस्ट कराने की सलाह दी। इस पर युवक ने टेस्ट कराया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। उसी दिन दोपहर अलग-अलग संसाधन से मां-बेटा घर लौट आए।

घर में किचन के अलावा एक ही कमरा, इसलिए पेड़ को बना लिया घर

खिरोद अपने माता-पिता और 2 भाइयों के साथ 2 कमरे के मकान में रहता है। एक कमरे में किचन है और दूसरे में सभी सदस्य रहते हैं। ऐसे में घर में आइसोलेट रह पाना उसके लिए संभव नहीं था। यह देख खिरोद ने घर से चटाई व अन्य जरूरी सामान लिया और गांव के बाहर लगे वट वृक्ष के नीचे अपना ठिकाना बना लिया। वहां घर से उसके लिए रोज खाना आ जाता था। पांचवें दिन सोशल मीडिया के जरिए पता चला तो परला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम पहुंची और उसे कोविड सेंटर शिफ्ट किया।

अधिकारी ने कहा- युवक ने नहीं बताया

खोकसरा के बीएमओ तत्वदर्शी दास ने बताया, कि रिपोर्ट आने के बाद जिले में ही इसकी फॉरमेलिटी पूरी की गई थी। तब युवक ने होम आइसोलेशन में रहने की इच्छा जताई थी। वहां से लौटने के बाद ब्लॉक में किसी को अवगत नहीं कराया था। जैसे ही पता चला उसे परला कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है।