Breaking News

Banner

रायपुर में ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन बनाने, 3 हॉस्पिटल को तैयार रखने के निर्देश ।

# प्रदीप पटेल | 18 Mar, 2021

रायपुर। राजधानी रायपुर में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। कोरोना के बढ़े आंकड़ों ने सरकार को भी चिंता में डाल लिया है। ऐसे में अब लॉकडाउन की आशंकाएं फिर से गहराने लगी है। हालांकि अगर राजधानी में लॉकडाउन के हालात बने भी तो उसका स्वरूप बदला होगा। जानकारी के मुताबिक पिछली बार की तरह इस बार भी कंटेनमेंट जोन बनाकर लॉकडाउन की तैयारी की जा रही है।

बुधवार को कलेक्टर एस भारतीदासन की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक हुई। कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सहित कोविड-19 के बढ़ते पॉजिटिव मामले को दृष्टिगत रखते हुए ऐसे क्षेत्रों जहां कोविड प्रभावित मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है, में लगातार विशेष सतर्कता रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा ऐसे क्षेत्रों में जहां कोविड प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ रही है, उन्हें जरूरत पड़ने पर कंटेनमेंट जोन घोषित करने की कार्यवाही करें। उन्होंने कोविड अनुरूप व्यवहार नहीं करने वाले नागरिकों और मास्क लगाए बिना घूमने वाले नागरिकों के विरूद्व कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिए।

कलेक्टर ने माना हॉस्पिटल, लालपुर हॉस्पिटल और आयुर्वेदिक कॉलेज हाॅस्पिटल को कोरोना मरीजों के लिए यथा शीघ्र तैयार कर वहां  चिकित्सकों और मेडिकल स्टाॅफ कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चिकित्सालयों में आई.सी.यू की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने कहा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आकड़ों के आधार पर बताया कि रायपुर शहर के अमलीडीह, न्यू राजेन्द्र नगर, समता कॉलोनी रामकुन्ड, डंगनिया, डीडी नगर, पचपेड़ी नाका, अवंति विहार, खम्हारडीह, मोवा, टाटीबंध, कटोरा तालाब, हीरापुर तथा रायपुरा जैसे क्षेत्रों में कोरोना पॉजिटिव की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए ऐसे व्यापक रूप से प्रभावित हो रहे क्षेत्रों को जरूरत पड़ने पर कंटेनमेंट जोन घोषित किया जा सकता है।