Breaking News

Banner

फेसबुक में दोस्ती कर पैसे ऐंठने वाली महिला को बोधघाट पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया ।

# प्रदीप पटेल | 02 Feb, 2021

जगदलपुर। फेसबुक में दोस्ती कर पैसे ऐंठने वाली महिला को बोधघाट पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है, साथ में उसके दो साथियों को भी पुलिस ने दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये नगदी समेत अन्य सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक बीते अगस्त माह में सरदार दरबारा सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि फेसबुक के माध्यम से खूबसूरत महिला ने उससे दोस्ती की। दोस्ती करने के बाद विदेश से गिफ्ट मंगाकर उसे भेजने और गिफ्ट में कस्टम ड्यूटी के बहाने अलग – अलग किश्तों में 27 लाख 75 हजार 7 सौ रुपये अपने खाते में जमा करा लिया। कुछ दिनों बाद एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है, मामला दर्ज होते ही एसपी दीपक कुमार झा के दिशा निर्देश पर बोधघाट टीआई राजेश मरई और निरीक्षक धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसके बाद टीम ने मामले की जांच शुरू की . जांच के दौरान ही पुलिस को पुख्ता सबूत मिलते गए।

सबूतों के आधार पर पुलिस टीम को आरोपियों की दिल्ली में होने की सूचना मिली, पुलिस ने तीन आरोपियों शोभराज थापा ( 37 ), रेणुका पोंडेल ( 33 ), और राजू हितांग ( 26 ) को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया, सीएसपी ने बताया कि यह तीनों आरोपी मूलतः नेपाल के रहने वाले है, बीते 4-5 सालों से दिल्ली में रह रहे थे। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 420 भादवि और 6 ( डी ) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेढ़ लाख रुपये नगद , 1 पासपोर्ट ( नेपाल ), 5 मोबाइल फ़ोन, 7 सिम कार्ड, 2 पासबुक, 2 चेकबुक, विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, पेन कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज बरामद किया है।