Breaking News

Banner

खाद्य विभाग ने यशोदा बायोफ्यूल नाम की एक फर्म पर छापा मारकर 25 हजार 964 लीटर संदिग्ध बायोडीजल किया जब्त ।

# प्रदीप पटेल | 22 Jan, 2021

रायपुर। खाद्य विभाग ने रायपुर के रावाभांठा में यशोदा बायोफ्यूल नाम की एक फर्म पर छापा मारकर 25 हजार 964 लीटर संदिग्ध बायोडीजल जब्त किया है। यह फर्म डीजल के नाम पर मिथाइल ईस्टर नाम का रसायन बेच रही थी। रायपुर के सहायक खाद्य अधिकारी संजय दुबे ने बताया, इस फर्म को उद्योग विभाग ने डीजल बेचने के लिए पंजीयन पत्र दिया गया था। छापे के दौरान फर्म संचालक ने इंदौर की एक और फर्म कान्हा बिल्टकॉम से तरल पेट्रोलियम उत्पाद के रूप में मिथाइल इस्टर का बिल प्रस्तुत किया गया। वहां बात हुई तो उन्होंने इसे गुजरात की किसी फर्म से मंगाने की बात कही। उन्होंने संदेह जताया कि यह बायो-रसायन विदेश से मंगाया जा रहा है।

खाद्य अधिकारियों का कहना है कि बॉयो फ्यूल्स वनस्पति उत्पाद हैं। इनको विदेशों से आयात करने की अनुमति नहीं है। अधिकारियों ने बताया, मध्यप्रदेश की फर्म के द्वारा प्रेषित बिल में वे-ब्रिज बिल नहीं है। इससे उनके संदेह की पुष्टि हो रही है, बॉयो डीजल की आड़ में कुछ कंपनियां ऐसा उत्पाद बना रही हैं जो कि बॉयो डीजल नहीं है। इसकी डेन्सिटी डीजल के जैसी है, ऐसे में उसको धड़ल्ले से खपाया जा रहा है। खाद्य विभाग अब रावाभांठा स्थित यशोदा बायोफ्यूल के संचालक हार्दिक पटेल को नोटिस जारी करने जा रही है। अधिकारियों ने बताया, संचालक से पूरी जानकारी और संबंधित दस्तावेज मांगे जाएंगे। उसी के आधार पर इस कारोबार के पूरे नेटवर्क का पता चलेगा।

59 रुपए में खरीदकर 75 तक में बेचते थे

खाद्य अधिकारियों ने बताया, शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि यह फर्म कथित बायोडीजल को 59 रुपया प्रति लीटर की दर से खरीदती थी। फिर इसे 72 से 75 रुपए प्रति लीटर की दर से इसे बेचा जाता था। रायपुर में डीजल की कीमत 82 रुपया प्रति लीटर है। ऐसे में यह वाहन चालकाें को सस्ती पड़ रही थी। कारोबारी इसी का फायदा उठा रहा था।