Breaking News

Banner

तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई, दोस्तों के साथ पार्टी करने जा रहे 12वीं के छात्र की मौत ।

# प्रदीप पटेल | 19 Jan, 2021

रायपुर। सड़क हादसे ने एक युवक की जान ले ली। हादसे का शिकार युवक 12वीं का छात्र बताया जा रहा है। 7 दोस्तों के साथ पार्टी करने निकले इस युवक के सिर, जांघ और सीने में आई गहरी चोट की वजह से जान चली गई। घटना रविवार की रात करीब 12 बजे के आस-पास हुई थी। युवक जिस कार में सवार था, वो डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का इंजन 10 फीट दूर जा गिरा। हादसा राजेंद्र नगर के ओवर ब्रिज पर एक ज्वेलरी शो रूम के सामने हुआ था।

इस हादसे में मारे गए युवक का नाम ऋषभ साहू था। वो सेजबहार इलाके का रहने वाला था। उसके चाचा राकेश साहू ने बताया कि पिछले तीन दिनों से बोरियाकला में वो अपने मामा के घर गया हुआ था। संडे की रात वो अपने मामा के कुछ दोस्तों के साथ निकला था, तभी हमें हादसे के बारे में पता चला। गाड़ी में ऋषभ के अलावा और 6 लोग सवार थे। कार खुशवंत साहू चला रहा था। इसमें मनोज कुमार साहू, उपेंद्र साहू, दुष्यंत कुमार पटेल, मनीष साहू, देवेन्द्र निषाद भी सवार थे। यह सभी घायल हैं और पचपेड़ी नाका स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में इनका इलाज चल रहा है।